जनदर्शन जनविश्वास का मजबूत मंच 170 से अधिक आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही

मुंगेली, 02 जून 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी और भरोसेमंद मंच बनकर उभर रहा है। जनदर्शन के माध्यम से न केवल लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं, बल्कि उनके निराकरण के लिए त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही भी सुनिश्चित की जा रही है। इससे आमजन का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। इसी क्रम में आज जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने आम नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर ने ग्राम करही निवासी लक्ष्मी रजक को छड़ी तथा ग्राम लगरा के दिव्यांग रितेश सोनकर को बैशाखी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग प्रदान किया।
जनदर्शन में 170 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि बंटवारा, सीमांकन, हैंडपंप खनन, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीमा योजना, शौचालय निर्माण, नाम संशोधन, जाति प्रमाण पत्र, पेयजल व्यवस्था, एटीएम कार्ड, राशन कार्ड स्थानांतरण, ऋण पुस्तिका निर्माण और राजस्व अभिलेखों के सुधार से संबंधित आवेदन प्रमुख रहे। ग्राम चकरभाठा के रामजी साहू ने पेंशन, ग्राम मुड़पार के सुजीत सिंह ठाकुर ने पैतृक भूमि के बंटवारे, ग्राम पंडरभट्ठा के द्वारिका प्रसाद ने सीमांकन, ग्राम बिसौनी के रज्जू गोड़ ने हैंडपंप खनन तथा ग्राम अमोरा के ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। इसके अलावा विभिन्न ग्रामों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन सौंपे। एडीएम ने सभी आवेदकों को नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author