एडीएम और जिपं सीईओ ने की सुशासन तिहार के आवेदनों की विभागवार समीक्षा

मुंगेली, 02 जून 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त मांगों एवं समस्याओं के आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने विभिन्न विभागों के लंबित आवेदनों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित राहत मिल सके।
अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने सीमांकन, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन सहित विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में पेट्रोल एवं डीजल स्टॉक की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य और समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आयुष्मान कार्ड निर्माण, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, सिकल सेल जांच, पेयजल गुणवत्ता, जल जीवन मिशन, ई-केवाईसी और ई-ऑफिस क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही शिक्षा गुणवत्ता अभियान, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने बिहान और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, धान उठाव, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करें और आमजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author