संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन परीक्षा प्लेटफॉर्म  ‘SGGU ETEST’  के संचालन हेतु किया एमओयू

अम्बिकापुर, 02 जून 2026/sns/-  संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा अंबिकापुर में आज विश्वविद्यालय के ऑनलाइन परीक्षा प्लेटफॉर्म “SGGU ETEST” के संचालन एवं तकनीकी सहयोग हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लाकपाले की गरिमामयी उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी तथा के आर टेक्निकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित किया गया। समझौता ज्ञापन के तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को “SGGU ETEST” ऑनलाइन परीक्षा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से महाविद्यालय CIA-1 एवं CIA-2 परीक्षाओं का संचालन डिजिटल माध्यम से कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर प्रत्येक महाविद्यालय को पृथक लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड प्रदान किया जाएगा, जिससे वे विद्यार्थियों का पंजीयन, विषयवार प्रश्न अपलोड, परीक्षा तिथि एवं समय निर्धारण तथा परीक्षा परिणाम प्राप्त करने जैसी प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित कर सकेंगे। इस अवसर पर के आर टेक्निकल कॉलेज, संजय नगर के शासी निकाय के अध्यक्ष कान्त दुबे एवं उपाध्यक्ष राहुल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप डिजिटल परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह पहल परीक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी, सुगम एवं तकनीक-संचालित बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

About The Author