गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने की गई सहकारी समितियों एवं कृषि केंद्रों की जांच

मुंगेली, 03 जून 2026/sns/- खरीफ 2026 सीजन में किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज समय पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ निगरानी कर रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण, वितरण और विक्रय व्यवस्था की लगातार जांच की जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में जिला स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा जिले के विभिन्न सेवा सहकारी समितियों एवं निजी कृषि केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति कोदवाबानी सहित लोरमी क्षेत्र के विभिन्न निजी कृषि केन्द्रों की जांच की गई।
जांच के दौरान लालपुर थाना स्थित कृषि केन्द्र में अनियमितताएं पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा उसकी अनुज्ञा (लाइसेंस) निलंबित करने हेतु उप संचालक कृषि को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं विकासखंड मुंगेली के एक कृषि केन्द्र के निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया और उर्वरक विक्रय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। शेष कृषि केंद्रों को नियमानुसार संचालन करने तथा किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला उर्वरक निरीक्षक श्री मनहरण कुर्रे ने बताया कि जिले में रासायनिक उर्वरकों एवं बीजों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों को सुगमता से सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री प्रफुल्ल जायसवाल भी उपस्थित रहे।

About The Author