किसानों ने मक्का फसल की राशि दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार
दुर्ग, 03 जून 2026/sns/- जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 164 आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन में प्राप्त विभिन्न आवेदनों पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर जानकारी ली और उक्त आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
दुर्ग व धमधा के किसानों ने मक्का फसल की रकम दिलाने आवेदन दिया। किसानों ने बताया कि पापकार्ननिका प्रा.लि. ग्राम पांगरी खुर्द राजनांदगांव से मक्का बीज लेकर मक्के की खेती की गई। कंपनी द्वारा मक्का फसल खरीदने के बाद निर्धारित समय में भुगतान करने का वादा किया था। किसानों ने बताया कि ग्राम पांवरी खुर्द, बोईरडीह, ओडेरी, भर्रीटोला सहित अन्य गांवों के किसानों ने कंपनी को मक्का फसल बेची। फसल खरीदने के बाद भी करीब 40 दिनों से भुगतान लंबित है, जिससे खेती-किसानी और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। किसानों ने संबंधित कंपनी से शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।वार्ड क्रमांक 59 कातुलबोर्ड क्षेत्र के वार्डवासियों ने शीतला मंदिर तालाब के पास किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि तालाब किनारे हुए अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। तालाब किनारे कुछ व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते घरों का गंदा पानी तालाब में पहुंच रहा है, जिससे तालाब का पानी दूषित हो रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा तालाब तक आने-जाने में भी दिक्कते हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
ग्राम आमाटोला निवासी ने खसरा नंबर के नक्शे में सुधार और ऑनलाइन भू-नक्शा पोर्टल में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया। आवेदक ने बताया कि पुराने राजस्व रिकॉर्ड सही होने के बावजूद ऑनलाइन पोर्टल में नक्शा त्रुटिपूर्ण दिख रहा है, जिससे कृषि कार्य और योजनाओं के लाभ लेने में परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।ग्राम महमरा के ग्रामीणों ने कृषि कार्य के लिए स्थापित बोरवेलों के पानी का टैंकरों के माध्यम से व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई बोरवेल पहले ही गर्मी के कारण सूख चुके हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बोरवेल के पानी का व्यावसायिक उपयोग लगातार किया जा रहा है। जिन जल स्रोतों से पानी बेचा जा रहा है, उन्हीं क्षेत्रों के आसपास गांव की पेयजल व्यवस्था भी जुड़ी हुई है। कृषि और मछली पालन के नाम पर पानी का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने पीएचई को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।