प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 04 जून 2026/sns/- भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा बच्चों की असाधारण प्रतिभा, साहस और समाज के प्रति उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार देश के उन प्रतिभाशाली बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार वर्ष 2026 के लिए वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित छह श्रेणियों में प्रदान किया जाएगा। ऐसे बच्चे जिनकी आयु 31 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष से कम हो तथा जिन्होंने इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान दिया हो, वे राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र बच्चे अथवा उनके अभिभावक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर 31 जुलाई 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, नियम एवं शर्तें पोर्टल पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला रायगढ़ के मोबाइल नंबर 7587231121 पर संपर्क किया जा सकता है।