प्रशासन की मुस्तैदी से श्री अमर सिंह को समय पर मिला खाद बीज
सुकमा, 05 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुकमा जिले में इस बार खरीफ सीजन की शुरुआत किसानों के लिए बेहद सुगम और उत्साहजनक रही है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के कुशल निर्देशन और मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने मानसून की दस्तक से पहले ही खाद और उन्नत बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है। प्रशासनिक स्तर पर की गई इस सुदृढ़ व्यवस्था का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों तक हर वास्तविक जरूरतमंद किसान को बिना किसी परेशानी के कृषि इनपुट उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय पर अपनी बोआई पूरी कर सकें।
जिला प्रशासन की इसी सक्रियता का एक अच्छा उदाहरण रोकेल गांव के निवासी प्रगतिशील किसान श्री अमर सिंह भारद्वाज के रूप में सामने आई है। छिंदगढ़ सहकारी समिति पहुंचे श्री अमरसिंह भारद्वाज को न केवल अपनी जरूरत के मुताबिक 3 बोरी डीएपी, 3 बोरी यूरिया और 2 बोरी पोटाश की त्वरित आपूर्ति मिली, बल्कि बेहतर खेती-किसानी के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से 50 हजार रुपये की महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता भी तत्काल स्वीकृत की गई। इस त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया से अभिभूत होकर किसान श्री अमर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति अपना गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस मदद से वे अब बिना किसी मानसिक और आर्थिक तनाव के धान की भरपूर फसल ले सकेंगे।
क्षेत्र के मुख्य आधार श्धान की खेतीश् को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए सुकमा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। खाद-बीज की सुचारू सप्लाई चेन बनाए रखने के साथ-साथ, प्रशासन ने कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर नकेल कसने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर के निर्देशों के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्रों में गश्त और औचक निरीक्षण कर रही हैं, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसानों के हक पर डाका न डाल सके। प्रशासन की इस चौतरफा मुस्तैदी ने सुकमा के अन्नदाताओं में एक नया विश्वास जगाया है कि इस बार की खरीफ फसल उनके जीवन में समृद्धि लेकर आएगी।