विश्व पर्यावरण दिवस पर बीजरोपण और चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में जगाई पर्यावरण चेतना
मुंगेली, 05 जून 2026/sns/- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुंगेली वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मौहामाचा-बिजराकछार क्षेत्र में बीजरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, वन अमले और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत व्यापक स्तर पर बीजरोपण किया गया। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा वृक्षारोपण के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वनवासी पाठशाला बिसौनी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता रही। बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन एवं वन्यजीवों के महत्व तथा हरित भविष्य की कल्पना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पेंटिंग किट का वितरण भी किया गया। वनमंडलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को प्रकृति से जोड़ने और उनमें पर्यावरणीय संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपवनमंडलाधिकारी श्री दशहंस प्रकाश सूर्यवंशी, परिक्षेत्र अधिकारी खुड़िया श्री अनिरुद्ध कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी लोरमी सुश्री जूही वर्मा सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह पहल न केवल हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, बल्कि नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव भी विकसित करने में सफल रही।