आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन 15 जून तक

मोहला, 5 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए विभिन्न छःमाही, एक वर्षीय एवं दो वर्षीय व्यवसायों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 मई 2026 से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंबागढ़ चौकी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के युवाओं को रोजगारपरक एवं तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अभ्यर्थी अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंबागढ़ चौकी में विद्युतकार (Electrician), फिटर (Fitter), डीजल मैकेनिक (Diesel Mechanic), वेल्डर (Welder) तथा कोपा (COPA) जैसे राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (NCVT) से मान्यता प्राप्त व्यवसायों में प्रवेश उपलब्ध है। इसके अलावा जिले की अन्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं मोहला एवं मानपुर में संचालित व्यवसायों के लिए भी अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राचार्य ने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षण युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है। इसलिए इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें तथा प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए निकटतम शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अथवा अंबागढ़ चौकी आईटीआई से संपर्क करें। गौरतलब है कि आईटीआई के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को उद्योगों, निजी प्रतिष्ठानों एवं विभिन्न रोजगार क्षेत्रों में बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

About The Author