प्रशासन की मुस्तैदी से किसान श्री लालूराम बघेल को समय पर मिला खाद-बीज खेती हुई आसान
सुकमा, 07 मई 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुकमा जिला प्रशासन ने खरीफ सीजन से पहले ही किसानों के लिए खाद एवं उन्नत बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक कृषि आदानों की सुचारू आपूर्ति की व्यवस्था की गई, जिससे किसानों को समय पर बोआई करने में सुविधा मिल रही है। प्रशासन की इस सक्रिय पहल से किसानों में उत्साह का माहौल है और वे नई उम्मीदों के साथ खेती-किसानी में जुट गए हैं।
जिले के गंजेनार निवासी प्रगतिशील किसान श्री लालूराम बघेल के पास 6 एकड़ खेत है जिनको प्रशासनिक व्यवस्था का प्रत्यक्ष लाभ मिला। छिंदगढ़ सहकारी समिति से उन्हें उनकी आवश्यकता अनुसार 3 बोरी डीएपी, 3 बोरी यूरिया एवं 3 बोरी पोटाश की उपलब्धता सहजता से प्राप्त हुई। समय पर मिले खाद बीज से किसान बिना किसी आर्थिक दबाव के खेती की तैयारियों को पूरा कर पा रहे हैं। किसानों ने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
धान उत्पादन प्रधान सुकमा जिले में किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति के साथ-साथ कालाबाजारी, अवैध भंडारण और बिचौलियों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रही हैं। प्रशासन की पारदर्शी एवं किसान-केंद्रित कार्यशैली से अन्नदाताओं का विश्वास मजबूत हुआ है तथा उन्हें उम्मीद है कि इस बार का खरीफ सीजन बेहतर उत्पादन और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।