सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत शिकायतों के प्रभावी निराकरण पर दिया जोर
मुंगेली, 10 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में वर्षाकाल पूर्व तैयारियों, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं के संचालन के साथ ही आमजन तक उनका प्रभावी लाभ पहुंचाना है। बैठक में कलेक्टर ने गांव-शहर चलो अभियान की पहल करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को आगामी 15 दिनों तक क्षेत्र भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के बाद यह अभियान प्रशासन और जनता के बीच सतत संवाद एवं प्रभावी संपर्क का मजबूत माध्यम बनेगा।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि यह गांव, गरीब और आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित नहीं करने पर सभी एसडीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत नहीं करने पर लोरमी जनपद पंचायत तथा पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी को भी नोटिस जारी करने निर्देशित किया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को एक सप्ताह तक विशेष प्रशिक्षण देकर सीएम हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पंचायतों एवं नगरीय निकायों में नालियों की सफाई, जलभराव रोकने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी जलाशयों एवं पानी टंकियों की सफाई, क्लोरीनेशन तथा सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एटीआर क्षेत्र में झिरिया जल स्रोतों का स्थायी संरक्षण एवं विकास करने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में किसी भी स्थिति में स्कूल, छात्रावास अथवा आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित नहीं होंगे। उन्होंने सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उन्हें डिस्मेंटल करने तथा संभावित जनहानि की आशंका को समाप्त करने के निर्देश दिए। अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र में अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण रोकने के लिए कलेक्टर ने प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संरक्षित वन क्षेत्रों की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने एटीआर एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में बारिश से पहले स्वास्थ्य शिविर, खाद्यान्न भंडारण, सोलर लाइट वितरण एवं आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने कहा। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सीमांकन एवं अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों का वर्षा ऋतु से पहले निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को खेती-किसानी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, एग्री-स्टैक पंजीयन, सड़क निर्माण, जल निकासी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।