जनदर्शन बना जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच
मुंगेली, 10 जून 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में प्रति मंगलवार आयोजित होने वाला जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन गया है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में 190 से अधिक नागरिकों ने आवास, शौचालय, पेंशन, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, विद्युत व्यवस्था तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं और मांगों के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन द्वारा प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
जनदर्शन में ग्राम खैरवार के राकेश यादव ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण, ग्राम दुल्हिन बाय की उत्तरा बघेल ने स्थायी जाति प्रमाण पत्र, ग्राम झोंका के राकेश नवरंग ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ, ग्राम लीलापुर के भरत लाल साहू ने मनरेगा जॉब कार्ड, पूजा साहू ने राशन कार्ड, ग्राम खम्हरिया की दिव्यांग शैला राय ने निःशुल्क ट्राईसाइकिल, जगदीश प्रसाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा धीरपाल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम लमती के खोरबहरा ने निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग रखी। अपर कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए। जनदर्शन के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।