नगर तथा ग्राम निवेश अंतर्गत गठित समिति की बैठक सम्पन्न
बलौदाबाजार, 10 जून 2026/sns/-छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 की धारा 17 (क) के तहत गठित समिति की बैठक बुधवार को सांसद जांजगीर -चाम्पा कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में गिरौदपुरी विकास योजना 2041, पलारी विकास योजना 2041 एवं लवन विकास योजना 2041 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। इस अवसर पर विधायक बिलाईगढ़ कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा उपस्थित थे। बैठक में तीनों क्षेत्र में वर्ष 2041 तक विकास योजना को दृष्टिगत रखते हुए विस्तृत चर्चा कर आवश्यक सुझाव दिये गये। विकास योजना में क्षेत्र में पर्यटन विकास, आमोद-प्रमोद के साधन, सडक, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक अधोसंरचना, आवासीय परिसर, वृक्षारोपण आदि को शामिल किया गया है। बताया गया कि गिरौदपुरी विकास योजना अंतर्गत 7 ग्राम शामिल है जिनकी कुल जनसंख्या 10600 है। सर्वे टीम द्वारा यहां वर्ष 2041 तक की अनुमानित जनसंख्या के अनुसार विभिन्न विकास योजना तैयार किया गया है जिसमें पर्यटन विकास, आवासीय क्षेत्र एवं अन्य सुविधाएं शामिल है। इसी तरह पलारी विकास योजना अंतर्गत 1 नगर पंचायत एवं 10 ग्राम पंचायत क्षेत्र शामिल है एवं जनसंख्या लगभग 27 हजार है। लवन विकास योजना अंतर्गत 1 नगर पंचायत एवं 17 गांव की लगभग 37 हजार जनसंख्या है। बैठक में गोपी साहू अध्यक्ष नगर पंचायत पलारी, सुलोचना यादव अध्यक्ष जनपद पंचायत बलौदाबाजार, सविता यादव अध्यक्ष जनपद पंचायत पलारी, कुसुम लता पैकरा अध्यक्ष जनपद पंचायत कसडोल सहित समिति के अन्य सदस्य, सरपंच एवं अधिकारी उपस्थित थे।