मानसून 2026 को लेकर बीजापुर प्रशासन अलर्ट
बीजापुर, 10 जून 2026/sns/- आगामी मानसून सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन बीजापुर ने बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्री विश्वदीप द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों को राहत, बचाव एवं आपदा प्रबंधन संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार सभी वर्षामापक केंद्रों में वर्षामापक यंत्रों का रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा तथा जहां उपकरण उपलब्ध नहीं हैं वहां तत्काल स्थापना की जाएगी। जिले में 24 घंटे संचालित होने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसकी जानकारी ग्राम पंचायतों एवं आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों में खाद्यान्न, नमक, केरोसिन, जीवनरक्षक दवाइयों सहित आवश्यक सामग्री का अग्रिम भंडारण करने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवा एवं उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पेयजल की शुद्धता बनाए रखने के लिए हैंडपंपों एवं जल स्रोतों की नियमित जांच तथा ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां सतत निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत शिविरों की पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत शिविरों में चिकित्सा जांच, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निकायों को वर्षा पूर्व शहर के नालों एवं नालियों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपों की व्यवस्था तथा असुरक्षित पेड़ों एवं होर्डिंग्स को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जल संसाधन विभाग को नदी एवं जलाशयों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा खतरे की स्थिति में समय रहते सूचना जारी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर सेना, नगर सेना, होमगार्ड, एसडीआरएफ एवं अन्य बचाव दलों की सहायता लेने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मानसून अवधि में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा है।