नैनो उर्वरकों के उपयोग से बढ़ी किसान रतन लाल की आय
बलौदाबाजार, 10 जून 2026/sns/-जिले के ग्राम पंचायत गुडेलिया निवासी प्रगतिशील किसान रतन लाल निर्मलकर नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग से खेती में बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं। वे पिछले वर्ष से पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर नैनो उर्वरकों का उपयोग कर रहे हैं। किसान रतन लाल लगभग 12 एकड़ भूमि में खेती करते हैं, जिसमें 5 एकड़ उनकी स्वयं की भूमि है। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं तथा इनकी कीमत भी अपेक्षाकृत कम है, जिससे खेती की लागत में कमी आई है। रतन लाल निर्मलकर के अनुसार नैनो उर्वरकों के नियमित उपयोग से फसलों की वृद्धि बेहतर हुई है और उत्पादन में भी संतोषजनक बढ़ोतरी देखने को मिली है। उन्होंने बताया कि इन उर्वरकों के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में मदद मिल रही है, जिससे भूमि की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। कम मात्रा में अधिक प्रभावी परिणाम देने वाले नैनो उर्वरक किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा नैनो उर्वरकों के उपयोग के माध्यम से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की अपील की है।