कलेक्टर ने मलीय कीचड और कचरा निपटान व्यवस्था का अवलोकन कर

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जून 2026/sns/-कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले की स्वच्छता व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर जिले को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सबसे पहले सारंगढ़ स्थित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की जानकारी लेते हुए स्वच्छता कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किया जाए।

  ग्राम कोतरी के फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) में अधिकारियों ने कलेक्टर क़ो बताया कि अब तक 87 ट्रिप फीकल स्लज का सुरक्षित निस्तारण किया जा चुका है। लगभग एक एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस इकाई में सेप्टिक टैंकों से एकत्रित मल-मूत्र को डिस्लजिंग वाहन के माध्यम से लाकर वैज्ञानिक तरीके से उपचारित किया जाता है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित इस मल-कीचड़ प्रबंधन इकाई में उपचारित अपशिष्ट से जैविक खाद तैयार की जा रही है।कोतरी में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एफएसटीपी परिसर के आसपास लगभग 5 एकड़ भूमि में लेमन ग्रास प्लांटेशन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे महिला समूहों को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा अतिरिक्त आय का स्रोत भी विकसित होगा। कलेक्टर ने एफएसटीपी के समीप शासकीय भूमि पर किए गए बेजा कब्जे की जानकारी मिलने पर पटवारी को तत्काल कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही समीप स्थित तालाब में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मत्स्य पालन गतिविधियां प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए।

हरदी धान संग्रहण केंद्र का जायजा

कलेक्टर ने ग्राम हरदी स्थित धान संग्रहण केंद्र का भी निरीक्षण किया। लगभग 67 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने उपलब्ध अधोसंरचना एवं रखरखाव संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

About The Author