सरस्वती सोनी को फिर से मिलने लगा योजनाओं का लाभ

राजनांदगांव, 11 जून 2026/sns/-जिला प्रशासन की त्वरित पहल से राजनांदगांव शहर के रामनगर मोतीपुर निवासी श्रीमती सरस्वती सोनी को राशन और महतारी वंदन योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। रामनगर मोतीपुर निवासी श्रीमती सरस्वती सोनी को कई महीनों से राशन और महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में जीवन-यापन कर रही सरस्वती सोनी ने अपनी समस्या लेकर कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच एवं निराकरण के निर्देश दिए। आवेदन के परीक्षण में पता चला कि आधार अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें दोनों योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा था। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर उनका आधार अपडेट कराया गया तथा महतारी वंदन योजना और राशन कार्ड के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण की गई। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें दोनों योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिलने लगा।
श्रीमती सरस्वती सोनी ने बताया कि उनके पति का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पति के निधन के बाद वे अकेले रहकर दूसरों के घरों में खाना बनाने और छोटे बच्चों की मालिश का कार्य कर अपना जीवन-यापन कर रही हैं। योजनाओं का लाभ बंद होने से उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। अब राशन और महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिलने लगी है। इसके लिए उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

About The Author