बस्तर आम महोत्सव 2026-अनूठी रंगत और स्वाद का महासंगम

जगदलपुर, 12 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की समृद्ध जैव-विविधता और पारंपरिक कृषि संपदा को एक बड़ा वैश्विक मंच देने के लिए दो दिवसीय भव्य बस्तर आम महोत्सव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (दुर्ग) तथा संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन (रायपुर) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह अनूठा महोत्सव आगामी 13 एवं 14 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य केंद्र जगदलपुर स्थित क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र का परिसर होगा। इस वृहद महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन शनिवार, 13 जून को प्रातः 11 बजे किया जाएगा, जिसके मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री श्री केदार कश्यप होंगे। उनके साथ अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप तथा जगदलपुर के विधायक श्री किरण सिंह देव मंच की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पांडेय और जिला पंचायत  कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष श्री कामदेव बघेल शामिल रहेंगे, जबकि पूरे उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रवि आर. सक्सेना करेंगे।  
महोत्सव के दौरान आम उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और आम जनता के मनोरंजन के लिए कई प्रतियोगिताओं तथा ज्ञानवर्धक सत्रों का खाका तैयार किया गया है। पहले दिन की शुरुआत प्रातः 09 बजे से प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों के पंजीयन के साथ होगी, जिसके बाद दोपहर तीन बजे तक आम की विभिन्न किस्मों, आम से बने उत्पादों, रंगोली तथा पोस्टर मेकिंग जैसी रचनात्मक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। दोपहर तीन बजे अतिथियों की उपस्थिति में भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न होने के बाद, शाम पांच बजे से सात बजे तक बच्चों और स्थानीय कलाकारों के लिए आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि आम जनता के लिए प्रदर्शनी सुबह दस बजे से रात आठ बजे तक निरंतर खुली रहेगी।  

महोत्सव के दूसरे दिन यानी 14 जून को प्रातः दस बजे से प्रतियोगिताओं के उत्कृष्ट प्रदर्शनों का अंतिम मूल्यांकन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद प्रातः 11 बजे से विशेष वैज्ञानिक एवं किसान परिचर्चा शुरू होगी, जिसमें वैज्ञानिक आम की खेती में आने वाली प्रमुख समस्याओं और उनके समाधानों पर चर्चा करने के साथ-साथ वानस्पतिक प्रवर्धन विधि का जीवंत प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर बारह बजे से आयोजित होने वाली कृषक एवं उद्यमी परिचर्चाे में बस्तर के आम और उससे जुड़े प्रसंस्कृत उत्पादों को बाजार प्रदान करने तथा नए उद्योगों को बढ़ावा देने पर गंभीर मंथन किया जाएगा। दूसरे दिन भी प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए रात आठ बजे तक खुली रहेगी और शाम पांच बजे से सात बजे के बीच पुरस्कार वितरण के साथ इस दो दिवसीय महोत्सव का भव्य समापन होगा।

About The Author