सोलर दीदियां अब गांवों में स्थापित करेंगी सौर ऊर्जा संयंत्र
कवर्धा, 12 जून 2026/sns/- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत कबीरधाम जिले के वंदे मातरम् संकुल स्तरीय संघ की महिला स्व-सहायता समूहों की 35 दीदियों को सोलर दीदी के रूप में प्रशिक्षित किया गया है जो अब इस व्यवसाय से जुड़ेंगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा तकनीक से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बना कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। रायपुर से आए अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान दीदियों को सोलर सिस्टम की स्थापना, संचालन, रख-रखाव एवं तकनीकी जानकारी से रूबरू कराया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब सोलर दीदियां गांवों में सोलर उपकरणों की स्थापना एवं मरम्मत का कार्य करेंगी, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होगा।ग्रामीण क्षेत्रों में वैकल्पिक ऊर्जा के स्रोत को बढ़ाते हुए रोजगार के नए अवसर प्रदान करना महिलाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। सोलर स्थापना द्वारा इन्हें कमीशन के रूप में बड़ी आमदनी होगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रसार को बल मिलेगा तथा ग्रामीणों को उनके अपने गांव में सोलर पैनल स्थापना के लिए आसानी से मानव संसाधन उपलब्ध होगा तथा इसका रखरखाव और भी आसान हो जाएगा।
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने इसे ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में साहसिक और अभिनव कदम बताया।सोलर दीदी कार्यक्रम न केवल ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेगा। अब महिलाएं केवल आजीविका गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि तकनीकी क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। सोलर दीदियों की यह पहल जिले में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार का माध्यम बनेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग के साथ समूह की दीदियां तकनीकी सेवाएं प्रदान कर अपनी आय में वृद्धि करेंगी और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। यह अभियान महिला सशक्तिकरण के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।