आयुष्मान भारत योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना प्राथमिकता सीएमएचओ डॉ.साहा

मुंगेली, 11 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में क्लेम यूटिलाइजेशन बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमएचओ कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने अस्पतालवार आयुष्मान कार्ड उपयोग एवं क्लेम यूटिलाइजेशन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकाधिक हितग्राहियों तक निःशुल्क उपचार की सुविधा पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साहा ने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक पात्र मरीज का आयुष्मान कार्ड बनवाकर एवं सत्यापित कर शत-प्रतिशत उपचार आयुष्मान कार्ड के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, इसलिए कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में मितानिनों के माध्यम से गांव-गांव में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं की संस्थागत प्रसूति, डॉग बाइट, एनिमल बाइट, ड्रेसिंग एवं अन्य डे-केयर पैकेजों के अंतर्गत पात्र मरीजों को अधिकतम लाभ दिलाने तथा संबंधित क्लेम समय पर प्रस्तुत करने पर भी विशेष बल दिया गया।
डॉ. साहा ने कहा कि जिले के पंजीकृत निजी अस्पतालों में उपलब्ध आयुष्मान उपचार सुविधाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर हितग्राही समय पर निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार प्राप्त कर सकें। उन्होंने अस्पतालों में भर्ती होने वाले सभी पात्र मरीजों की नियमित स्क्रीनिंग कर उन्हें योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में बीएमओ, बीपीएम, जिला समन्वयक, मितानिन ब्लॉक समन्वयक एवं मितानिन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयासों पर सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों को क्लेम यूटिलाइजेशन बढ़ाने तथा जिले में आयुष्मान भारत योजना की पहुंच को और सशक्त बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना से संबंधित जानकारी, पंजीकृत अस्पतालों की सूची अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल-फ्री नंबर 104 एवं 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।

About The Author