सड़कों से सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ेंगे बच्चे जिले में विशेष अभियान शुरू
बलौदाबाजार, 12 जून 2026/sns/- राज्य शासन द्वारा सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बच्चों को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में बाल सक्षम नीति-2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत 1 जून से 30 जून 2026 तक विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने 9 जून को महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सड़क पर रहने वाले, भिक्षावृत्ति, बाल श्रम तथा अपशिष्ट संग्रहण में लगे बच्चों की पहचान कर उनका रेस्क्यू, पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री शर्मा के निर्देश के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन और जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, चाइल्ड लाइन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार एवं शुक्रवार को सिमगा विकासखंड के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान होटल, ढाबों और मिलों के संचालकों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से बाल श्रम नहीं कराने की सख्त हिदायत भी दी गई।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां उनकी परिस्थितियों के अनुसार संस्थागत देखभाल, परिवार या रिश्तेदारों के साथ पुनर्स्थापन और अन्य पुनर्वास संबंधी निर्णय लिए जाएंगे। प्रत्येक बच्चे की सामाजिक जांच रिपोर्ट और व्यक्तिगत बाल देखरेख योजना तैयार कर उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सतत संरक्षण से जोड़ने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।