सीएम हेल्प लाइन से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण शुरू

बलौदाबाजार, 12 जून 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर लोगों की समस्याओ का समयबद्ध निराकरण के साथ ही जनभागीदारी को सशक्त बनने के उद्देश्य से सीएम हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1076 शुरू की गई है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण जिले में प्रारम्भ हो गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में प्राप्त आवेदनों का सम्बंधित विभाग द्वारा समय पर निराकरण कर आवेदक को फ़ोन पर सूचित भी किया जा रहा है।

इस हेल्पलाइन की मदद से जिले के ग्राम मेकरी निवासी धनेंद्र कुमार के बच्चे का सालभर से अटका जन्म प्रमाण पत्र महज कुछ ही समय में बनकर तैयार हो गया। इसीतरह विकासखण्ड पलारी के ग्राम छेरकापुर के किसान मोहित कुमार कन्नौजे का पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभ हेतु भौतिक सत्यापन कर सक्रिय कर दिया गया है। दोनों ही आवेदको को निराकरण की सूचना दी गई और आवेदक पूर्णतः संतुष्ट है।

धनेंद्र के बच्चे जय पटेल का जन्म 21 अप्रैल 2025 को उप स्वास्थ्य केंद्र केसला में हुआ था, जिसके बाद वे लगभग एक साल से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए परेशान हो रहे थे। उन्होंने अपनी समस्या को सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा इस पर त्वरित कार्रवाई की गई और विभाग ने तत्काल प्रक्रिया पूरी करते हुए नन्हे जय पटेल का जन्म प्रमाण पत्र बनाकर उनके परिजनों को सौंप दिया।लंबे समय से लंबित इस कार्य के चुटकियों में हल हो जाने पर धनेंद्र पटेल और उनके परिवार ने गहरी राहत की सांस ली है। सरकार की इस त्वरित कार्यप्रणाली से अभिभूत होकर धनेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी का सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा शुरू की गई यह टोलफ्री नंबर सेवा वास्तव में आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे दफ्तरों के चक्कर काटे बिना घर बैठे ही समस्याओं का सीधा और त्वरित समाधान मिल रहा है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से लंबित मामलों के तेजी से निपटारे से नागरिकों का प्रशासन पर भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि सीएम हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। सीएम हेल्पलाइन प्रणाली 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित है।

About The Author