बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन पर जोर

बीजापुर, 12 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री बैंकर्स समिति (डीएलसीसी) की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी विभागों एवं बैंकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के कृषि मंत्रालय द्वारा 01 जून से 30 जून 2026 तक संचालित ‘‘खेत बचाओ अभियान‘‘ के अंतर्गत अधिक से अधिक नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में जिले में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए कुटरू एवं बासागुड़ा में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नई शाखाएं खोलने का प्रस्ताव नोडल अधिकारी श्री छोटेलाल यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। साथ ही डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव, शिकायत निवारण, बैंकिंग जागरूकता अभियान तथा ग्राम पंचायत स्तर पर बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा भी की गई। बैठक के दौरान बैंक क्रेडिट लिंकेज, स्व-सहायता समूहों के बैंक खातों, समूह बीमा योजनाओं की प्रगति तथा दोहरी प्रमाणीकरण (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा अपने बैंकिंग संवाददाता (बीसी) स्टाफ को प्रत्येक बस्तर मुन्ने शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों के बचत खाते खोले जा सकें। इसके अलावा बैंक रहित ग्राम पंचायतों में बीसी केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों एवं बैंकों के बीच समन्वय, सतत निगरानी और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, आरबीआई के एलडीओ श्री सतेन्द्र कुमार राठौर, नाबार्ड के डीडीएम श्री संतोष रामटेके, एलडीएम श्री अमृत कुमार एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

About The Author