रेशम हितग्राही श्री संतोष कश्यप हुए “सर्वश्रेष्ठ रेशम उत्पादक” के रूप में पुरस्कृत

बीजापुर, 12 जून 2026/sns/- केन्द्रीय रेशम बोर्ड अंतर्गत क्षेत्रीय रेशम उत्पादन एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर द्वारा शासकीय कोसा बीज केंद्र नैमेड़ में 10 जून से 11 जून तक दो दिवसीय प्रौद्योगिकी प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान रेशम उत्पादन से संबंधित नवीन तकनीकों एवं उन्नत प्रबंधन पद्धतियों का प्रदर्शन केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया। वैज्ञानिकों ने हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण कोसा उत्पादन, रोग प्रबंधन, आधुनिक पालन तकनीकों तथा उत्पादन वृद्धि के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में विगत रेशम फसल के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया गया। लगातार उत्कृष्ट रेशम उत्पादन के लिए हितग्राही संतोष कश्यप को “सर्वश्रेष्ठ रेशम उत्पादक” के रूप में वैज्ञानिकों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
उल्लेखनीय है कि विगत फसल सत्र में नैमेड़ केंद्र से जुड़े समूह के 17 सदस्यों द्वारा लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के कोसा का विक्रय किया गया। इनमें से 11 सदस्यों ने एक-एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित की। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए केन्द्रीय रेशम बोर्ड के क्षेत्रीय रेशम उत्पादन एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर द्वारा कार्यालय सहायक संचालक रेशम, बीजापुर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही, स्थानीय ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमुदाय ने रेशम उत्पादन क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों एवं विभागीय प्रयासों की सराहना की तथा इसे ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

About The Author