प्रशासन की पहल से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में जगी शिक्षा की अलख

बलौदाबाजार,15 जून 2026/sns/-विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के पुर्नवास हेतु जिला प्रशासन द्वारा मनोविकास केंद्र संचालित की ज रही है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में समावेशी शिक्षा एवं पुनर्वास की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए मनोविकास केन्द्र में थैरेपी सेवाएं प्राप्त कर रहे 23 दिव्यांग बच्चों का पुनः सामान्य विद्यालयों में नामांकन कराया गया है जिससे बच्चे अब शिक्षा की मुख्य धारा से जुड़कर जीवन में आगे बढ़ेंगे। ये बच्चे विभिन्न सामाजिक, आर्थिक एवं विकासात्मक कारणो से विद्यालयीन शिक्षा से वंचित हो गये थे या स्कूल नहीं जा पा रहे थे।

विशेष शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रशासन के निरंतर सहयोग से इन बच्चों को उनकी संबंधित कक्षाओं में पुनः प्रवेश दिलाया गया। सभी दिव्यांग विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित होकर सफलता प्राप्त की है। यह सफलता इन बच्चों के शैक्षणिक जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मनोविकास केन्द्र, बलौदाबाजार केवल पुनर्वास एवं थैरेपी सेवाओं तक सीमित नहीं है अपितु जिले के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की निरंतर शिक्षा एवं मुख्यधारा के विद्यालयों के समावेश सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

संस्था प्रमुख ने बताया कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है एवं मनोविकास केन्द्र में विशेष शिक्षा और सामान्य विद्यालयीन शिक्षा के बीच कि दूरी कम करने के निरंतर प्रयास किये जा रहे ताकि प्रत्येक बच्चे को विकास एवं प्रगति के समान अवसर प्राप्त हो सके।

अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु कलेक्टर एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

About The Author