जिले में उत्साह के साथ मनाया गया शाला प्रवेशोत्सव बच्चों का तिलक और मिठाई से हुआ स्वागत
कवर्धा, 16 जून 2026/sns/- कबीरधाम जिले में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। मंगलवार को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त विद्यालयों में शाला प्रवेशोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूल पहुंचे बच्चों का स्वागत किया गया। नए विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, गुलाल से अभिनंदन किया गया तथा मिठाई खिलाकर उनके नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत को यादगार बनाया गया।
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित किए गए। वही शासन की सरस्वती सायकल योजना के तहत कक्षा 9वीं के पात्रता रखने वाले छात्राओं को निःशुल्क साइकिल का वितरण किया गया। इसके साथ ही बच्चों के लिए विशेष मध्यान्ह भोजन का भी आयोजन किया गया। लंबे अवकाश के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शाला प्रवेशोत्सव में जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, पालकों तथा शिक्षकों की उपस्थिति रही।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षा के महत्व और बेहतर भविष्य के निर्माण में विद्यालय की भूमिका से भी बच्चों को अवगत कराया गया। शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, विद्यालय आने के प्रति प्रोत्साहित करना और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को उत्सव के रूप में मनाकर सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। जिले के सभी विद्यालयों में आज से नियमित पढ़ाई भी प्रारंभ हो गई।