कार्यालय की जिम्मेदारियों के साथ परिवार के लिए समय निकालना भी जरूरी : डॉ. गौरव सिंह

*कलेक्टर डॉ सिंह की पहल ‘प्रोजेक्ट शांति’ के तहत वर्क-लाइफ बैलेंस पर ज़िला अधिकारियों हेतु विशेष सत्र आयोजित*रायपुर, 16 जून 2026। सरकारी कर्मचारियों के मानसिक तनाव को कम करने, कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने और शासकीय एवं घरेलू ज़िम्मेदारियों के साथ-साथ स्वयं खुश रहने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की पहल पर ‘प्रोजेक्ट शांति’ की शुरुआत की गई है। मंगलवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में प्रोजेक्ट शांति का पहला विशेष सत्र आयोजित किया गया जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।सत्र में Humming Minds Life की प्रमुख मनोवैज्ञानिक सुश्री तनीषा पोद्दार ने अधिकारियों से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, आत्म-समझ और कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषयों पर चर्चा की। अधिकारियों ने विभिन्न गतिविधियों और अभ्यासों में भी भाग लिया।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है, जितना अपने काम को पूरी जिम्मेदारी से करना। उन्होंने अधिकारियों से समय पर कार्यालय आने और समय पर घर जाने, कार्यालय में पूरी दक्षता और ईमानदारी से काम करने तथा परिवार के लिए भी पर्याप्त समय निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि संतुलित जीवन से कर्मचारी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और जनता को भी अच्छी सेवाएं मिलती हैं।कलेक्टर ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को प्रेरित किया कि वे भी अपने-अपने कार्यालयों में इस तरह के मानसिक स्वास्थ्य और वर्क-लाइफ बैलेंस से जुड़े सत्र नि:शुल्क आयोजित करें, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें और कार्यालय में सकारात्मक वातावरण तैयार हो।

About The Author