जिले में सघन कुष्ठ खोज अभियान की शुरुआत घर-घर ढूंढे जा रहे कुष्ठ के मरीज

बलौदाबाजार, 16 जून 2026/sns/- जिले में 15 जून से सघन कुष्ठ खोज अभियान शुरू हो चुका है जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जा कर कुष्ठ के लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर रहे हैं। इसके लिए टीम बना कर उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया है। यह अभियान 15 जुलाई तक ज़ारी रहेगा। अभियान में लोगों को रोग के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी के अनुसार सर्वे में समस्त जनसंख्या को सम्मिलित किया गया है । स्वास्थ्य टीम द्वारा सर्वप्रथम लक्षणों के आधार पर संदेहास्पद मरीजों की पहचान की जाती है बाद में चिकित्सक उसका परीक्षण करते हैं एवं आवश्यक होने पर दवाई शुरू की जाती है।

जिले में कुष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ नवदीप बांधे के अनुसार कुष्ठ एक संक्रामक रोग है जो धीमी गति से शरीर पर असर दिखाता है उपचार न करने पर शरीर में स्थाई विकृति भी आ सकती है। त्वचा पर सुन्न धब्बे, स्पर्श या दर्द का अहसास न होना,हाथ-पैरों में सुन्नपन,मांसपेशियों में कमजोरी ये लक्षण कुष्ठ के हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में जांच करवाना जरूरी है । बीमारी की स्थिति में एम डी टी के माध्यम से उपचार किया जाता है ।

राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विकृत हो चुके अंगों के लिए सर्जरी भी की जाती है जिसमें मरीज को सहयोग हेतु शासन द्वारा 12 हज़ार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। वर्तमान में जिले में कुल 247 मरीज उपचार रत हैं जिसमें विकास खण्ड बलौदा बाजार में सबसे अधिक 87 कुष्ठ के मरीज हैं ।

About The Author