किसानों को मिली बड़ी राहत धंवई में शुरू हुई नई सहकारी साख समिति

बलौदाबाजार, 17 जून 2026/sns/- किसानों को कृषि कार्यों के लिए बेहतर एवं सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य शासन द्वारा सहकारी साख समिति करमदा से पृथक धंवई सहकारी साख समिति का गठन किया गया है। पंजीयन क्रमांक 667 वाली यह समिति अप्रैल 2026 से संचालित हो रही है। समिति शुरू होने से धंवई एवं आसपास के किसानों को अब कृषि संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए दूसरे गांव नहीं जाना पड़ रहा है।

पहले किसानों को खाद, बीज, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ऋण तथा खेती से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए करमदा जाना पड़ता था। नई समिति शुरू होने से अब ये सभी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे किसानों के समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

धंवई के किसान राम लाल निषाद ने बताया कि पहले खाद-बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए करमदा जाना पड़ता था, जिससे काफी समय लगता था। अब गांव में ही समिति खुल जाने से सभी आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं और किसानों को बड़ी राहत मिली है।इसी प्रकार किसान संतोष सेन ने कहा कि अब खाद-बीज सहित खेती से जुड़ी सभी सुविधाएं समिति के माध्यम से गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे किसानों को काफी सुविधा हुई है। उन्होंने किसानों के हित में यह महत्वपूर्ण पहल करने के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

धंवई सहकारी साख समिति में वर्तमान में 525 किसान पंजीकृत हैं। समिति के कार्यक्षेत्र में 147.234 हेक्टेयर सिंचित तथा 143.927 हेक्टेयर असिंचित भूमि शामिल है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अब तक 209 किसानों के कृषि ऋण (लोन) स्वीकृत किए जा चुके हैं।

नई समिति के संचालन से ग्रामीण किसानों को कृषि आदान, ऋण एवं अन्य सहकारी सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे कृषि कार्यों में तेजी आने के साथ-साथ किसानों की सुविधा और आत्मनिर्भरता भी बढ़ी है। यह पहल किसानों के हित में शासन की जनकल्याणकारी सोच और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कृषि सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

About The Author