अम्बिकापुर में 20 जून को संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन

अम्बिकापुर, 16 जून 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 20 जून 2026 (शनिवार) को राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में किया जाएगा। इस एक दिवसीय रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां एवं नियोजक भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।

रोजगार मेले में सरगुजा संभाग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से सहभागिता कर सकेंगे। इसके लिए आवेदकों का विभागीय ई-रोजगार पोर्टल तथा रोजगार मेले हेतु पृथक पंजीयन दोनों अनिवार्य हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल,  https:/erojgar.cg.gov.in  एवं  Chhattisgarh Rojgar App  के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।

विभाग द्वारा 12 जून 2026 से पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे नियमित रूप से पोर्टल का अवलोकन करते रहें तथा अपनी पात्रता के अनुरूप पदों का चयन करें।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंकसूची, पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा।अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय, अम्बिकापुर से संपर्क कर सकते हैं।

About The Author