विधायक श्री मोहले होंगे मुख्य आतिथ्य में 21 जून को कृषि उपज मंडी में होगा सामूहिक योगभ्यास
मुंगेली, 17 जून 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून को जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी मुंगेली में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे तथा सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगे। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है। इसी क्रम में मुंगेली जिले के जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले को नामित किया गया है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभाकर पाण्डेय ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज को नोडल अधिकारी तथा उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की गई है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।