वृहद पंजीकरण शिविर 18 से 20 जून 2026 तक

मुंगेली, 17 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी अभियानों को आमजन तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेली जिले में 18 से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत यह विशेष पहल की जा रही है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होेंने कहा कि शिविर का आयोजन मुंगेली के मंगल भवन पुराना बस स्टैण्ड, पथरिया के मंगल भवन तथा लोरमी के कबीर भवन में किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 3 बजे तक संचालित होगा, जहां नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों के नए पंजीयन, दस्तावेजों एवं पंजीयन संबंधी त्रुटियों का सुधार, लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविर में प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं के लिए पंजीयन और संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या त्रुटि का मौके पर समाधान कराएं। बैठक में एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author