ई-केवाईसी से श्रमिकों को मिलेगा योजनाओं का पारदर्शी लाभ
मुंगेली, 17 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। श्रमिकों के पंजीयन अभिलेखों को आधार से जोड़कर अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को मिलने वाली कल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और पात्र हितग्राहियों तक लाभ की सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रारंभ करने से पहले सभी पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के रिकॉर्ड का आधार कार्ड के विवरण के अनुरूप सत्यापन और आवश्यक संशोधन किया जाएगा। यह संपूर्ण प्रक्रिया कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से संचालित की जाएगी। अभियान को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए 30 जून 2026 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम सीएससी केंद्र में उपस्थित होना होगा, जहां उनकी पहचान का बायोमेट्रिक एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत ऑनलाइन पंजीयन अद्यतन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे नाम, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर सहित महत्वपूर्ण जानकारियां आधार रिकॉर्ड के अनुसार अपडेट की जा सकेंगी।