पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
कवर्धा, 17 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की तिमाही बैठक लेकर विभिन्न विभागों एवं बैंकों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं के तहत प्रदत्त लक्ष्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं विभागीय समन्वय की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी बैंक अधिकारियों से टारगेट के अनुसार योजनाओं के प्रकरणों में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने बैठक में जिले के सभी बैंकों के अधिकारियों को शासन की योजनाओं के तहत आने वाले ऋण आवेदनों पर बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को सब्सिडी का लाभ दिलाने के लिए बैंक में ऋण आवेदन भेजे जाते हैं, ऐसे में इन आवेदनों को किसी भी स्तर पर लंबित न रखा जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी आवेदन में दस्तावेज की कमी हो या कोई समस्या हो, तो संबंधित हितग्राही या विभाग को तुरंत जानकारी दें, ताकि कमी को जल्द पूरा किया जा सके और लोगों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने कहा कि बैंकों से उच्च कार्यालय द्वारा मांगी जाने वाली जानकारी प्राथमिकता के साथ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जानकारी भेजने में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ऋण वितरण की समीक्षा करते हुए बैंकों को हितग्राहियों को शीघ्र लोन उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार योजना में प्रगति लाने पर जोर देते हुए समूह ऋण के साथ व्यक्तिगत ऋण, विशेषकर लखपति दीदी जैसी योजनाओं के हितग्राहियों के आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहे बैंक अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैठक में अनुपस्थिति और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और लक्ष्य के अनुरूप कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में आरबीआई से एलडीओ श्री वर्मा, नाबार्ड से श्री हर्ष देशमुख, लीड बैंक मैनेजर श्री सुधीर बट्टा, सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।