नई चेतना 4.0 अभियान के तहत जेंडर आधारित भेदभाव एवं हिंसा के विरुद्ध जागरूकता की अलख
बीजापुर, 18 जून 2026/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “नई चेतना 4.0” अभियान के अंतर्गत जेंडर आधारित भेदभाव एवं हिंसा के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय बीजापुर सहित विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मान, समानता और सुरक्षा की भावना को प्रोत्साहित करना तथा जेंडर आधारित भेदभाव एवं हिंसा की रोकथाम के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना रहा। इस दौरान प्रतिभागियों को महिला अधिकारों, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि जेंडर आधारित भेदभाव और हिंसा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक समस्या है, जिसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों की रक्षा तथा सुरक्षित वातावरण निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता सेवाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। उपस्थित लोगों को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा भेदभाव की घटना की जानकारी संबंधित विभागों एवं हेल्पलाइन सेवाओं तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में महिला समूहों, किशोरियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने जेंडर समानता को बढ़ावा देने तथा हिंसा एवं भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने, महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध प्रभावी जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
नई चेतना 4.0 अभियान के तहत आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम समाज में लैंगिक समानता, सम्मान और सुरक्षा के मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।