विश्वास के विकास के जनकल्याण शिविरों में उमड़ रहे हितग्राही योजनाओं का लाभ दिलाने विशेष अभियान जारी

बिलासपुर, 19 जून 2026/sns/- /प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण” अभियान के तहत जिले में 18 से 20 जून तक विशेष जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने आज टाउन हॉल में लगाए गए शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
जिले में टाउन हॉल बिलासपुर, नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन बिल्हा, सामुदायिक भवन मस्तूरी, तखतपुर के प्राथमिक शाला बुटेना तथा नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन कोटा में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका निराकरण किया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जा रहा है। टाउन हॉल बिलासपुर में आयोजित शिविर का निरीक्षण करते हुए नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का भी प्रभावी निराकरण किया गया है और इसी भावना के साथ जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है। शिविरों में आयुष्मान कार्ड निर्माण, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।

About The Author