प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उर्मिला डोंगरे को मिली नई उड़ान
बलौदाबाजार,19 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर भवन, बलौदाबाजार में आयोजित वृहद पंजीकरण शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी उर्मिला डोंगरे, पति संतोष डोंगरे को 15 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में उन्हें महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
उर्मिला डोंगरे ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपनी स्वयं की दुकान शुरू करने में करेंगी, जिससे उन्हें नियमित रोजगार प्राप्त होगा और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसाय शुरू करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना से उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वृहद पंजीकरण शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।