वनों में पेड़ कटाई की कराई गई जांच दोषियों पर होगी कार्रवाई
बलौदाबाजार, 19 जून 2026/sns/- वन मण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी बलौदाबाजार सुश्री एकता कर एवं कर्मचारियों, वन प्रबंधन समिति के सदस्यों, ग्राम मुडियाडीही के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संबंधित क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 25 नग सागौन वृक्षों के ठूंठ पाए गए, जिनमें से 06 नग ठूंठ नवीन रूप से कटे हुए पाए गए। जांच उपरांत प्रकरण में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 15649/03, दिनांक 17/06/2026 को पंजीबद्ध किया गया है तथा प्रकरण की विस्तृत जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी बलौदाबाजार सुश्री एकता कर द्वारा प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार वन परिक्षेत्र अंतर्गत अत्यधिक संख्या में सागौन वृक्षों की कटाई जांच के दौरान प्रमाणित नहीं पाए गए।वनमण्डलाधिकारी के निर्देशानुसार में वनमण्डल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, अवैध उत्खनन, अवैध कटाई तथा अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। वन एवं वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में निरंतर निगरानी एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है।