मानपुर विकासखंड की 7 उचित मूल्य दुकानों के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन
मोहला, 18 जून 2026/sns/-सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन हेतु मानपुर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त एजेंसियों के लिए इच्छुक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मानपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार तेरेगांव, मिचगांव, कहगांव, जामड़ी, बोरिया मोकसा, सरखेड़ा एवं परालझरी ग्राम पंचायतों की उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए ग्राम पंचायत, महिला स्व-सहायता समूह, प्राथमिक कृषि शाखा समितियां, अन्य सहकारी समितियां तथा राज्य शासन द्वारा विनिर्दिष्ट उपक्रम आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित प्रारूप में आवेदन 30 जून 2026 को सायं 5:30 बजे तक कार्यालयीन समय में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय मानपुर में जमा किए जा सकेंगे। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों को दुकान का संचालन स्वयं करना होगा तथा स्थानीय शिक्षित बेरोजगार को सेल्समैन के रूप में नियुक्त करना अनिवार्य रहेगा। वहीं महिला स्व-सहायता समूहों के लिए कम से कम तीन माह पूर्व पंजीयन, पर्याप्त वित्तीय संसाधन तथा शिक्षित बेरोजगार महिला विक्रेता की नियुक्ति सहित अन्य पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। प्रशासन ने पात्र संस्थाओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।