जिले के 8 केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा

रायगढ़, 21 जून 2026/sns/- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 का आयोजन रविवार को रायगढ़ जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। परीक्षा के लिए जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 2,682 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिले में आयोजित परीक्षा में कुल 2,416 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 266 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 90.08 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम ने बताया कि केंद्रवार उपस्थिति के तहत किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में 480 में से 433 अभ्यर्थी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 474 में से 423, पीएम श्री नटवर इंग्लिश स्कूल में 408 में से 385, किरोड़ीमल पॉलीटेक्निक में 384 में से 351, केएमटी शासकीय कन्या महाविद्यालय में 288 में से 264, जूटमिल स्कूल में 240 में से 204, किरोड़ीमल नगर स्कूल में 240 में से 211 तथा चक्रधर नगर स्कूल में 168 में से 145 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया। नीट यूजी परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

About The Author