रेडियोग्राफर पदोन्नति हेतु अंतिम वरिष्ठता सूची

अम्बिकापुर, 22 जून 2026/sns/-   छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी संशोधित अधिसूचना दिनांक 11 जून 2020 के प्रावधानों के अनुसार रेडियोग्राफर पद पर पदोन्नति के लिए पात्र अंधकक्ष सहायक (डार्क रूम असिस्टेंट) कर्मचारियों की अंतिम वरिष्ठता सूची, अनंतिम चयन सूची तथा अनंतिम प्रतीक्षा सूची जारी कर दी गई है।

निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ऐसे कर्मचारी, जो अंधकक्ष सहायक (डार्क रूम असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत हैं तथा रेडियोग्राफर का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें पदोन्नति के लिए पात्र माना जाएगा। इसके लिए संबंधित कर्मचारी का अंधकक्ष सहायक के पद पर न्यूनतम पांच वर्ष का सेवा अनुभव होना, किसी मान्यता प्राप्त संस्था से रेडियोग्राफर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उत्तीर्ण होना तथा छत्तीसगढ़ पैरामेडिकल परिषद अधिनियम, 2001 के अंतर्गत जीवित पंजीयन होना अनिवार्य है।

भर्ती नियमों में निहित प्रावधानों के तहत विभिन्न संवर्गों की विभागीय पदोन्नति के लिए 19 जून 2026 को अधोहस्ताक्षरकर्ता कार्यालय में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण करने के उपरांत समिति द्वारा सर्वसम्मति से अंतिम वरिष्ठता सूची, अनंतिम चयन सूची एवं अनंतिम प्रतीक्षा सूची जारी करने का निर्णय लिया गया।

दिनांक 1 अप्रैल 2026 की स्थिति दर्शाने वाली अंधकक्ष सहायक (डार्क रूम असिस्टेंट) संवर्ग की अंतिम वरिष्ठता सूची, अनंतिम चयन सूची एवं अनंतिम प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारी एवं अभ्यर्थी उक्त सूची का अवलोकन जिला सरगुजा की आधिकारिक वेबसाइट  www.surguja.gov.in   पर कर सकते हैं।

जिले के अधीनस्थ पात्र अंधकक्ष सहायक (डार्क रूम असिस्टेंट) कर्मचारियों को अंतिम वरिष्ठता सूची, अनंतिम चयन सूची एवं अनंतिम प्रतीक्षा सूची की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी। यदि सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि में कोई विसंगति पाई जाती है अथवा किसी पात्र कर्मचारी का नाम सम्मिलित होने से छूट गया है, तो संबंधित कर्मचारी नियमानुसार आवश्यक जानकारी एवं अभिलेख प्रस्तुत कर सकते हैं।

About The Author