खेलगांव खम्हरिया में स्टेडियम निर्माण हेतु 16 एकड़ भूमि का सीमांकन


दुर्ग, 22 जून 2026/sns/-
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार आज खेलगांव खम्हरिया (विकासखंड व जिला-दुर्ग) में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नाम आबंटित 16 एकड़ शासकीय भूमि का सीमांकन कर चिन्हांकित कर लिया गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक से मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार श्री वसुमित्र दीवान के नेतृत्व में राजस्व विभाग के आर.आई. श्री घनश्याम चंद्राकर, पटवारी श्री विवेक देवांगन व अन्य टीम, तथा लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर श्री वाय. के. सोनवानी व श्रीमती सुस्मिता चंद्राकर द्वारा चूना और अन्य उपकरणों से भूमि के चारों ओर निशान लगाया गया। उतई थाना टी.आई. श्री अनिल पटेल के नेतृत्व में 10 पुरुष और 10 महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के कारण यह प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान खेल विभाग के प्रशिक्षक श्री भूपेन्द्र हिरवानी, खम्हरिया सरपंच श्रीमती दुलारी देशलहरे, उपसरपंच श्री टीकाराम साहू, खेल प्रशिक्षक श्री बालक दास डहरे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त, उपाध्यक्ष छ.ग. राज्य ग्रामीण विकास एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण) के विशेष प्रयासों से यहाँ संभाग स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियम निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है, जिसमें से प्रथम किश्त के रूप में 4 करोड़ रुपये मार्च 2026 में निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग को दिए जा चुके हैं। इस स्टेडियम में 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, सीटिंग गैलरी, इंडोर स्टेडियम (बैडमिंटन कोर्ट) और प्रशासनिक भवन का निर्माण शामिल है, जिससे दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, रिसाली निगम, नगर पंचायत उतई और भिलाई निगम सहित पूरे संभाग के खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा।  

About The Author