जानलेवा हो सकती है बिजली के प्रति छोटी सी लापरवाही

कवर्धा, 23 जून 2026/sns/- बरसात का मौसम आते ही बिजली के करंट का खतरा बढ़ जाता है एवं बिजली के खंभों, एचटी लाइन, तारों और घर पर करंट के कारण कई हादसे देखने को मिलते हैं। इन हादसों में कई बार लोगों की जान तक चली जाती है। इसका कारण जानकारी का आभाव है। बिजली की लाइनों और घरों में प्रवाहित होने वाले करंट से बचने के लिए विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड राजनांदगांव क्षेत्र सभी चारों जिलों के समस्त गणमान्य जनो को सचेत करते हुए कहा है कि जरा सी असावधानी की वजह से करंट बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मर एवं उपकरणों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें तथा सुरक्षित दूरी बनायें रखें। यदि आंधी-तूफान में खंबे, तार आदि टूटे हों, तो इसकी सूचना तत्काल कंपनी के टोल फ्री नं. 1912 पर, मोर बिजली एप एवं समीप के वितरण केन्द्र या जोन कार्यालय में दें।
बारिश में बिजली के खंभों, तारों, और ट्रांसफार्मर से दूर रहें और किसी भी क्षतिग्रस्त लाइन या उपकरण को न छुएं। यदि आपको करंट लगने की आशंका है, तो तुरंत बिजली विभाग को सूचित करें। जहां बिजली के तार या उपकरण हो वहां बारिश के पानी में करंट फैल सकता है, इसलिए पानी में न चलें या न तैरें। बिजली के उपकरणों का उपयोग करते समय, सुनिश्चित करें कि आपके पैर सूखे हों और आप रबर या प्लास्टिक के जूते पहने हों। इस तरह की सावधानियां को ध्यान में रखते हुए बरसात के मौसम में बिजली से सतर्कता बरतनी चाहिए। बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ ही बिजली विभाग सतर्क हो गया है। विभाग द्वारा बारिश से पूर्व सभी फीडरों, ट्रांसफार्मरों और तारों की जांच की जा चुकी है। लेकिन नागरिकों की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपभोक्ताओं को भी कुछ बातें ध्यान रखना आवश्यक है:-
 विद्युत दुर्घटनाओं से बचने के लिए घरों/खेतों आदि में बिजली के गुणवत्तापूर्ण उपकरणों का उपयोग करें।
 बाड़ी/खेतों की बाड़/कंटीले तार आदि में विद्युत प्रवाहित न करें। यह अनाधिकृत है, इससे किसी की जान भी जा सकती है एवं विभाग द्वारा खेत या बाड़ी के मालिक पर कानूनी कार्यवाही की जा सकती है।
 विद्युत लाईनों, उपकरणों/ट्रांसफार्मर आदि में खराबी आने पर अनाधिकृत रूप से उनको सुधारने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में विभाग के संबंधित कर्मचारी/अधिकारी को सूचित करंे।
 बिजली की लाइनों के नीचे और उनके समीप बिलकुल स्थायी तथा अस्थायी निर्माण ना करें। विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
 यदि बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिरा पाया जाता है, तो उससे दूर रहे तथा अन्य व्यक्तियों को भी दूर रहने की सलाह दें। इसकी जानकारी तत्काल संबंधित लाईनमेन/कनिष्ठ अभियंता को देकर विद्युत प्रवाह बंद करावें।
 नदी, नालों, तालाबों आदि में बिजली का तार टूटकर गिरा पाये जाने पर उसके अंदर न जायें   तथा पर्याप्त दूरी बनाये रखें। इसकी सूचना संबंधित लाईन कर्मचारी/कनिष्ठ अभियंता को तत्काल देकर विद्युत प्रवाह बंद करावें।
 विद्युत लाइनों से सीधे हुकिंग कर बिजली का अनाधिकृत उपयोग न करे, यह खतरनाक हो सकता है।
 कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभे और स्टे तार आदि का उपयोग ना करें। कपड़े सुखाने वाले तार की विद्युत उपकरणों/लाईनों से पर्याप्त दूरी रखें।
 विद्युत लाईनों से छेड़छाड़ न करें एवं कटी-फटी सर्विस लाईनों का उपयोग न करें।
 अस्थायी कनेक्शन हेतु कटे-फटे वायर का उपयोग न करें। पर्याप्त लंबाई की बल्लियों का उपयोग करें, ताकि लाइन की जमीन से पर्याप्त ऊंचाई रहे।
 बच्चों को विद्युत उपकरणों/लाईनों के आसपास न खेलने दें।

About The Author