सुकमा में आवास प्लस 2.0 सर्वे को मिली ग्राम सभाओं की मुहर
सुकमा, 24 जून 2026/sns/- जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत संचालित आवास प्लस 2.0 सर्वे को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में सभी ग्राम पंचायतों में गुरुवार को ग्राम सभाओं का सफल आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में सर्वे के दौरान चिन्हित पात्र एवं आवासविहीन परिवारों की सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्राम सभा के माध्यम से उसका अंतिम अनुमोदन किया गया। इस व्यापक प्रक्रिया के तहत जिलेभर में 33 हजार 624 परिवारों के सत्यापन का कार्य संपादित हुआ, जो प्रशासन की योजनाओं के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ग्राम सभाओं में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। जिला प्रशासन द्वारा अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ग्रामीणों को सूची का अवलोकन करने, सुझाव देने तथा आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया गया, जिससे वास्तविक और पात्र आवासविहीन परिवारों की निष्पक्ष पहचान सुनिश्चित हो सकी। यह पहल प्रशासन द्वारा जनभागीदारी आधारित सुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।