शासकीय भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने जिला प्रशासन की निरंतर कार्रवाई
दुर्ग, 24 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन में शासकीय संपत्तियों को सुरक्षित रखने और अवैध कब्जों को हटाने विधि सम्मत कार्रवाई जारी है। इसी तारतम्य में मुस्तैदी का परिचय देते हुए धमधा तहसील अंतर्गत एक महत्वपूर्ण शासकीय आबादी भूमि को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराया गया है।
तहसीलदार धमधा श्रीमती मीना साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमधा स्थित शासकीय आबादी भूमि खसरा नंबर 1719/1 के आंशिक भाग (रकबा 1525 वर्गफीट) पर अनावेदक संतु यादव पिता कार्तिक यादव द्वारा अनाधिकृत रूप से टीन शेड लगाकर अतिक्रमण किया गया था। इस शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार जांच व सुनवाई की गई तथा अनावेदक के विरुद्ध बेदखली आदेश पारित किया गया। उक्त आदेश के परिपालन में विगत 23 जून 2026 को तहसीलदार धमधा की उपस्थिति में प्रशासनिक टीम द्वारा बेदखली की कार्रवाई निष्पादित की गई। मौके पर अवैध टीन शेड को हटवाकर उक्त मूल्यवान भूमि को शासन के नियंत्रण में सुरक्षित कर लिया गया है। इस पूरी कार्यवाही के दौरान हल्का पटवारी, कोटवार, स्थानीय पार्षदगण एवं नगरवासी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रशासन की इस निष्पक्ष और वैधानिक कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।