राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान अंतर्गत सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले की 3788 किशोरी बालिकाओं को हुआ एचपीवी टीकाकरण

राजनांदगांव, 24 जून 2026/sns/- भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय निर्देशानुसार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों में नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक दी जा रही है। पारदर्शिता और बेहतर रिकॉर्ड के लिए इस पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जहां लाभार्थी का डिजिटल सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकता है। चिकित्सकों एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सही उम्र में ली गई यह सिंगल-डोज वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान अंतर्गत 3788 किशोरी बालिकाओं को चिकित्सकों की निगरानी में एचपीवी टीकाकरण किया गया है। जिसमें टीकाकरण उपरांत कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने के अनुसार एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और जांची-परखी है। टीका लगवाने के लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य है। इस अभियान को सफल बनाए जाने हेतु समस्त शिक्षा विभाग एवं निजी तथा शासकीय हाई स्कूलों में कैंप मोड में शिविर लगाकर वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों, स्कूल और सामाजिक संगठनों से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए योगदान देने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर एचपीवी टीकाकरण कराने का अनुरोध किया है। एचपीवी टीकाकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों से प्राप्त की जा सकती है।

About The Author