संबल केंद्र की मदद से दिव्यांग श्रीमती सुरेखा रगेनकर को मिला संबल

रायपुर, 24 जून 2026/sns/- समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित संबल केंद्र, रायपुर द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरणों की मरम्मत की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जा रही है। इसी कड़ी में भाठागांव निवासी दिव्यांग हितग्राही श्रीमती सुरेखा रगेनकर को संबल केंद्र की सहायता से उनके बैटरी चालित ट्रायसिकल की मरम्मत कर पुनः उपयोग योग्य बनाया गया है।

श्रीमती रगेनकर अपने दैनिक आवागमन एवं आवश्यक कार्यों के लिए बैटरी चालित ट्रायसिकल का उपयोग करती हैं। साथ ही वे जिला न्यायलय रायपुर परिसर में संचालित “दिव्यांग टी एक्सप्रेस” में कार्यरत हैं इस कार्य से उन्हें नियमित आय प्राप्त होती है जिससे वे अपने परिवार के भरण – पोषण में योगदान भी दे रही हैं | ट्रायसिकल खराब हो जाने के कारण उन्हें आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। जानकारी मिलने पर उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संबल केंद्र से संपर्क किया।

संबल केंद्र के तकनीकी कर्मचारियों द्वारा ट्रायसिकल का परीक्षण कर उसमें आई तकनीकी खराबियों की पहचान की गई। आवश्यक मरम्मत कार्य करते हुए चार्जिंग सॉकेट, ब्रेक एवं वायरिंग संबंधी समस्याओं को दूर किया गया, जिसके बाद ट्रायसिकल को पुनः सुचारू रूप से संचालित करने योग्य बना दिया गया।

ट्रायसिकल के पुनः चालू होने से श्रीमती रगेनकर को आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिली है। उन्होंने बताया कि अब वे अपने दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर पा रही हैं। उन्होंने निःशुल्क मरम्मत सुविधा के लिए समाज कल्याण विभाग एवं संबल केंद्र के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author