पंजीकृत श्रमिकों के लिए बड़ी पहल 30 जून तक ई-केवाईसी और आधार सत्यापन अनिवार्य

मुंगेली, 25 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी एवं रिकॉर्ड संशोधन का विशेष अभियान शुरू किया गया है। श्रमिकों के कल्याण और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों ने 30 जून 2026 तक लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व सभी पंजीकृत निर्माण एवं असंगठित श्रमिकों के विवरण का आधार कार्ड अभिलेखों के अनुसार सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा। यह संपूर्ण प्रक्रिया जिले के कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से संपादित की जाएगी।
श्रम पदाधिकारी श्री अभिषेक सिंह ने सभी पंजीकृत श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर में उपस्थित होकर अपने विवरण का सत्यापन कराने कहा है। सीएससी संचालक द्वारा बायोमेट्रिक एवं दस्तावेज सत्यापन के बाद पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेशन मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आधार कार्ड में उपलब्ध एवं सत्यापित जानकारी के आधार पर श्रमिकों के नाम, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक जानकारियों का अद्यतन किया जाएगा। इससे श्रमिकों के रिकॉर्ड अधिक सटीक होंगे तथा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के मिल सकेगा।

About The Author