पशु सखी प्रशिक्षणार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण
सुकमा, 29 जून 2026/sns/- ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) सुकमा द्वारा संचालित पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को प्रशिक्षणार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान फेकल्टी खुशाल चन्द्र केशवानी एवं पशु चिकित्सक डॉ. उमेश बघेल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणार्थियों को तारा डेयरी तथा जिला पशु चिकित्सालय सुकमा का भ्रमण कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को पशुपालन और पशु स्वास्थ्य सेवाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
तारा डेयरी में प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न नस्लों की गायों, उनके पोषण, आहार प्रबंधन, प्रमुख बीमारियों तथा उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इसके बाद जिला पशु चिकित्सालय सुकमा में डिप्टी डायरेक्टर पशु चिकित्सा सेवा श्री संदीप इंदुरकर एवं डॉ. उमेश बघेल ने पशुओं की पहचान, सूचीकरण, वर्गीकरण और टैगिंग की प्रक्रिया के साथ-साथ उससे संबंधित आंकड़ों को डिजिटल रूप से दर्ज करने की जानकारी दी। साथ ही पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनकी रोकथाम और उपचार के तरीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण ने पशु सखी प्रशिक्षणार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। प्रशिक्षणार्थियों ने जिला डिप्टी डायरेक्टर पशु चिकित्सा सेवा श्री संदीप इंदुपकर को विश्वास दिलाया कि वे अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को सशक्त बनाने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।