राजस्व प्रकरणों का करें समयबद्ध निराकरण-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला 4 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज सुबह मोहला तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों, अभिलेखों के संधारण, कार्यालय व्यवस्था एवं आम नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में दर्ज विभिन्न राजस्व प्रकरणों की जानकारी रीडर से प्राप्त की तथा मौजूद तहसीलदार व नायब तहसीलदार को सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों में अनावश्यक रूप से अधिक पेशी न लगाई जाएं तथा कम से कम पेशी में प्रकरणों का निराकरण किया जाए, जिससे आम नागरिकों और किसानों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विशेष रूप से लंबित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अन्य राजस्व मामलों के समय सीमा में निपटारे के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-ऑफिस के कार्यों,बंदोबस्त त्रुटि से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की और निर्देशित किया कि ऐसे मामलों का दो से तीन पेशियों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमांकन, बंटांकन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों का उचित दस्तावेजों के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने तहसील कार्यालय के कानूनगो शाखा एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के रख-रखाव और संधारण का अवलोकन किया। उन्होंने नक्शा-खसरा सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न प्रकरणों की स्वयं जांच कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोहला तहसील भवन में चल रहे मरम्मत कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।

– निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, आबंटित भूमि का भी किया स्थल निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट भवन का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने मोहला से मानपुर तक सड़क निर्माण कार्यों की भी प्रगति जानी। उन्होंने सड़क निर्माण के कार्यों को गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा तथा गति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण किया तथा विभागों को आबंटित भूमि का स्थल पर जाकर अवलोकन किया।

About The Author